तलाकप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। निकाह के महज कुछ ही दिनों बाद 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो की डिमांड ने पति-पत्नी के रिश्ते में ऐसी दरार डाली कि मामला पुलिस की चौखट तक पहुंच गया। विवाहिता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित किया। मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्ष किला थाने पहुंचे तो बाहर ही विवाद भड़क गया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने पत्नी को तीन तलाक दिया और वहां से चला गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीबीगंज निवासी महिला के मुताबिक उसका निकाह 18 मई 2026 को जागृति नगर निवासी इमरान रजा खां के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उससे मायके से 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो गाड़ी लाने के लिए कहा गया। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ दुर्व्यवहार शुरू हो गया। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग का विरोध करने पर उसके साथ कई बार मारपीट और गाली-गलौज की गई। लगातार बढ़ते विवाद से परेशान होकर महिला ने 7 जून को किला थाने में शिकायत दी। पुलिस ने विवाद सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया।

थाने के बाहर भड़का विवाद, वहीं दे दिया तीन तलाक

महिला के मुताबिक 22 जून को दोनों पक्ष किला थाने पहुंचे। आरोप है कि थाने के बाहर ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर पति इमरान रजा खां ने कथित तौर पर उसे तीन तलाक दे दिया और वहां से चला गया। इसके बाद विवाहिता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़िता का कहना है कि विवाद खत्म कराने के लिए परिवार और परिचितों के स्तर से भी समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। उसका आरोप है कि ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। महिला ने जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है।

महिला ने निकाह को लेकर किया बड़ा दावा

मामले में एक और पहलू सामने आया है। महिला ने पुलिस को बताया कि इमरान के खिलाफ उसने पहले प्रेमनगर थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता का दावा है कि उसी मुकदमे से बचने के लिए बाद में उसका इमरान के साथ निकाह कराया गया था। पुलिस इस आरोप समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पीड़िता की शिकायत पर इमरान रजा खां, तस्लीम रजा खां, रूबी, गुड़िया, सलीम उर्फ पप्पन, सानिया खान और जोहा रजा खां के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता विवेचना के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *