इनामीडीआईजी आजय कुमार साहनी

बदायूं। गाजियाबाद में हत्या के बाद फरार हुए इनामी आरोपी को कथित तौर पर पुलिस मुठभेड़ से बचाने के लिए 15 लाख रुपये की ‘सेटिंग’ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पूरे खेल में पांच थानों तक पुलिसकर्मियों की साठगांठ रही और आखिरकार बिनावर थाने के एक दारोगा ने आरोपी को फर्जी नाम-पते से तमंचा बरामदगी के मामूली मुकदमे में जेल भेज दिया। मामला खुलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अब बरेली रेंज के एसपी मानुष पारिक पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, 12 जुलाई को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद सोनू ने विपिन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह फरार हो गया और गाजियाबाद पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर दिया। आरोपी इनामी सोनू को आशंका थी कि गिरफ्तारी के दौरान उसका एनकाउंटर हो सकता है। इसी डर के बीच उसे कथित तौर पर ‘सुरक्षित जेल पहुंचाने’ की साजिश रची गई।

एक के बाद एक पांच थानों में चली बात

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की मदद के लिए पहले फैजगंज बेहटा थाने के एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी से संपर्क किया गया। वहां बात न बनने पर सहसवान, कादरचौक और मूसाझाग थाने तक प्रयास किए गए। अंत में बिनावर थाने के दारोगा ने कथित तौर पर पूरी योजना पर सहमति दे दी। इसके बाद मुखबिर की सूचना तैयार कराई गई कि एक बदमाश तमंचे के साथ घूम रहा है। इसी आधार पर आरोपी को गिरफ्तार दिखाया गया।

यह भी पढ़ें : मुस्लिम प्रेमी अचानक हुआ गायब, 10 साल से लिवइन में है महिला

फर्जी पहचान बनाकर भेज दिया जेल

आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी इनामी का असली नाम सोनू होने के बावजूद मुकदमे में उसका नाम सोहनलाल उर्फ सूजल निवासी करावल, उत्तर-पूर्वी दिल्ली दर्ज कर दिया गया। उसे हत्या के मामले के बजाय अवैध तमंचा रखने के आरोप में जेल भेज दिया गया, ताकि गाजियाबाद पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की भनक न लगे।

15 लाख की डील, 10 लाख एडवांस का दावा

चर्चा है कि पूरे खेल का सौदा 15 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि 10 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि बाकी 5 लाख रुपये बाद में मिलने थे। हालांकि इस रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह जांच का विषय है।

यह भी पढ़ें : बरेली राहुल हत्याकांड: रात में दोस्तों संग गया, सुबह खून से लथपथ मिला शव,

गाजियाबाद पुलिस ने खोली पोल, अब DIG स्तर पर जांच

जब गाजियाबाद पुलिस को पता चला कि उनका इनामी हत्यारोपी बदायूं में हल्की धाराओं में जेल भेज दिया गया है, तो मामले की शिकायत एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से की गई। इसके बाद जांच के आदेश दिए गए। बरेली रेंज के एसपी मानुष पारिक इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अब तक बिनावर थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर और संबंधित दारोगा के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा आरोपों में कितनी सच्चाई है।

बी-वारंट पर रिमांड लेगी लोनी पुलिस

उधर, लोनी पुलिस ने विपिन हत्याकांड में आरोपी इनामी सोनू को रिमांड पर लेने के लिए बदायूं कोर्ट में बी-वारंट दाखिल किया है। पुलिस का कहना है कि 5 अगस्त को आरोपी इनामी सोनू को अदालत में पेश कराया जाएगा, जिसके बाद उसे रिमांड पर लेकर हत्या के मामले में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *