up newsमौके पर पहुंची जांच करती पुलिस

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाईवे थाना क्षेत्र की सूर्य नगर कॉलोनी में एक पति ने आपसी विवाद के चलते पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस वारदात से पूरी कॉलोनी में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय पोखन के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के दतिया जिले की रहने वाली थी। वहीं, उसका पति 27 वर्षीय मिथुन झांसी का निवासी था। दोनों ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों अलग रहने लगे। पोखन गोंडा में काम करने लगी थी, जबकि मिथुन झांसी में ही कार्यरत था।

सहेली के घर आई थी पत्नी

घटना से करीब आठ दिन पहले पोखन मथुरा में रहने वाली अपनी सहेली रागिनी के पास आई थी। रागिनी यहां गोवर्धन रोड स्थित कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। पोखन ने भी उसी पार्लर में काम करना शुरू कर दिया था। इस बीच, मिथुन उसकी तलाश करते हुए मथुरा पहुंच गया। बृहस्पतिवार की शाम को जब पोखन और रागिनी पार्लर से लौट रही थीं, तो मिथुन पीछा करते हुए उनके कमरे पर पहुंच गया। कमरे पर पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। सहेली रागिनी ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो वह अपने कमरे में चली गई। रात करीब 9 बजे मिथुन ने अचानक तमंचा निकाला और पोखन के सिर में गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद की कनपटी पर भी गोली मारकर जान दे दी। गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक और रागिनी बाहर आए तो उनके होश उड़ गए।

पुलिस कर रही है जांच

मकान मालिक की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी और पारिवारिक कलह का सामने आया है। घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और दो खोखे बरामद हुए हैं। दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *