बरेली/सहारनपुर। पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने वाला एक युवक शादी के लिए महीनों तक लोगों को झांसा देता रहा, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस अधिकारियों की पूछताछ के दौरान उसकी हकीकत सामने आ गई। पता चला कि जिस युवक को लड़की पक्ष सरकारी नौकरी वाला उपनिरीक्षक समझ रहा था, उसका कभी पुलिस में चयन ही नहीं हुआ था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
शादी के लिए दरोगा बनने का नाटक
बरेली जिले के जशनपुर गांव निवासी मोहम्मद कासिम खुद को वर्ष 2023 बैच का उपनिरीक्षक बताता था। वह पुलिस की वर्दी पहनकर घूमता और लोगों पर रौब जमाता था। आसपास के लोगों से लेकर रिश्तेदारों तक को उसने विश्वास दिला दिया था कि उसकी तैनाती सहारनपुर में है। इसी दौरान पीलीभीत के एक परिवार से उसका रिश्ता तय होने की बातचीत शुरू हुई। सरकारी नौकरी और दरोगा की वर्दी से प्रभावित लड़की पक्ष ने रिश्ते को लगभग अंतिम रूप दे दिया था। करीब तीन-चार महीने से दोनों परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी।
कलेक्ट्रेट पहुंचते ही खुल गई पोल
बताया जाता है कि कलियर शरीफ दरगाह से लौटते समय लड़की पक्ष ने सहारनपुर में कासिम से मिलने की इच्छा जताई। कासिम ने उन्हें बताया कि उसकी ड्यूटी कलेक्ट्रेट परिसर में लगी है। जब परिवार वहां पहुंचा तो वह दरोगा की वर्दी पहनकर खड़ा मिला। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक उपनिरीक्षक को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उससे भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण, रोल नंबर और वर्तमान तैनाती से जुड़े सवाल पूछे, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ बढ़ी तो उसके दावों की परतें खुलने लगीं।
आईकार्ड ने बढ़ाया शक, पूछताछ में टूटा झूठ
पुलिस को उसके पास मौजूद पहचान पत्र भी संदिग्ध लगा। बताया जा रहा है कि आईकार्ड पर नाम पेन से लिखा हुआ था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सदर बाजार थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ में उसने स्वीकार कर लिया कि वह कभी पुलिस विभाग में भर्ती नहीं हुआ। आरोपी ने बताया कि शादी के लिए अच्छा रिश्ता पाने और लोगों पर प्रभाव जमाने के उद्देश्य से वह फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा था। उसने वर्दी पहनकर खुद को उपनिरीक्षक बताने की कहानी गढ़ रखी थी।
समय रहते बच गया लड़की पक्ष
आरोपी के पिता पुत्तन ने पुलिस को बताया कि उन्हें बेटे की इस हरकत की जानकारी नहीं थी। वहीं लड़की पक्ष ने राहत जताई कि शादी से पहले ही युवक की सच्चाई सामने आ गई, अन्यथा वे बड़े धोखे का शिकार हो सकते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।