बरेली। किला क्षेत्र में संपत्ति विवाद में पारिवारिक रंजिश के बीच पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता को उनके भाई और भतीजे ने तीसरी मंजिल से फेंक दिया। इससे उनकी मौत हो गई। भाई और भतीजों पर धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना किला में तहरीर दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
किला में मुरावपुरा निवासी पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता का अपने भाइयों के साथ मकान और संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद अचानक भड़क गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप धारण कर लिया और घर का माहौल रणक्षेत्र में बदल गया। मृतक के पुत्र आशुतोष गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके चाचा विष्णु गुप्ता अपने पुत्रों आयुष गुप्ता और कौशिक गुप्ता समेत कई लोगों के साथ घर पहुंचे थे। आरोप है कि गाली-गलौज, धमकी और हंगामे के बीच मकान की दीवार तोड़ने का प्रयास किया गया। विरोध होने पर पथराव और फायरिंग की। आशुतोष का आरोप है कि जब उनके पिता सूर्य प्रकाश गुप्ता विवाद शांत कराने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार लाख रुपये की मांग और दबाव का भी आरोप
तहरीर में कुछ रिश्तेदारों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार का कहना है कि लंबे समय से मकान खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा था और समझौते के नाम पर अतिरिक्त चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित साजिश करार देते हुए हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
मौत के बाद मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूर्व पार्षद की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
किला एसओ अचल कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।