up newsप्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देती पीड़िता आलिया।

बरेली। ब्लू मून मैरिज हॉल मालिक के बेटे ने सीबीगंज की युवती से किला थाना परिसर में निकाह किया और महज 35 दिन बाद उसी थाने के बाहर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता आलिया ने प्रेसवार्ता कर पति ब्लू मून के मालिक इमरान रजा खां और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मेरे पिता नहीं हैं, परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। मुझे इंसाफ चाहिए।

सीबीगंज के बुधौलिया निवासी आलिया ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि निकाह के बाद ससुराल में उससे 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो-N की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और उत्पीड़न किया गया। उसका आरोप है कि मामला पुलिस तक पहुंचने के बावजूद हालात नहीं सुधरे और आखिरकार पति ने उसे तीन तलाक दे दिया।

ब्लू मून मैरिज हॉल में हुई थी मुलाकात

आलिया के मुताबिक उसकी बड़ी बहन का निकाह 1 मार्च 2024 को मिनी बाईपास स्थित ब्लू मून मैरिज हॉल में हुआ था। इसी समारोह में मैरिज हॉल मालिक तस्लीम रजा खां के बेटे इमरान रजा खां से उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और फिर प्रेम संबंध। आलिया का आरोप है कि इमरान शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने 1 दिसंबर 2025 को प्रेमनगर थाने में इमरान के खिलाफ POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। आलिया का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद इमरान और उसके परिजन निकाह के लिए तैयार हुए। इसके बाद 18 मई 2026 को किला थाना परिसर में दोनों का निकाह कराया गया। निकाह के बाद वह पति के साथ ससुराल चली गई, लेकिन उसका आरोप है कि कुछ ही समय में अतिरिक्त दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा।

थाने के बाहर तीन तलाक का आरोप

आलिया के मुताबिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने 7 जून को किला थाने में शिकायत दी। 22 जून को दोनों पक्षों को बातचीत के लिए थाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान थाना परिसर के बाहर विवाद हुआ और इमरान ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में उसे तीन तलाक दे दिया। यानी जिस किला थाना परिसर में 18 मई को निकाह हुआ था, उसी थाने के बाहर करीब 35 दिन बाद रिश्ता खत्म करने का आरोप अब पुलिस जांच का हिस्सा बन गया है। किला पुलिस ने आलिया की शिकायत पर 16 अगस्त को पति इमरान रजा खां समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें इमरान के पिता तस्लीम रजा खां के अलावा रुबी, गुड़िया, सलीम उर्फ पप्पन रजा खां, सानिया खान और जोहा को नामजद किया गया है। मामले में दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक से संबंधित आरोप शामिल हैं।

अब CM योगी से लगाई न्याय की गुहार

गुरुवार को प्रेसवार्ता में आलिया ने कहा कि वह अब अपनी लड़ाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाना चाहती है। उसने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। आलिया का कहना है कि पिता नहीं होने और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उसके लिए कानूनी लड़ाई लड़ना मुश्किल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न के आरोपों को लेकर मुकदमा पहले ही दर्ज हो चुका है। गुरुवार की प्रेसवार्ता ने मामले को नया मोड़ दिया, क्योंकि इस बार पीड़िता ने खुद मीडिया के सामने आकर घटनाक्रम रखा और मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप व न्याय की गुहार लगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *