अमरोहा में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के शमपुर गांव में 35 वर्षीय युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके माता-पिता, छोटे भाई और भाई के दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की नशे की लत और आएदिन होने वाले विवादों से परिवार परेशान था। इसी तनाव के बीच हत्या की साजिश रची गई।
सूखी गंगनहर में मिला था शव
शनिवार सुबह गांव के लोगों ने सूखी पड़ी गंगनहर में खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान दुष्यंत के रूप में कराई। उसके सिर पर चोट के कई निशान मिले थे। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद परिवार से पूछताछ शुरू की तो मामला संदिग्ध लगने लगा।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक, दुष्यंत नशे का आदी था और घर में अक्सर मारपीट व झगड़ा करता था। परिवार लंबे समय से उसकी हरकतों से परेशान था। आरोप है कि छोटे भाई संकित ने अपने दोस्त जोली के साथ मिलकर दुष्यंत पर ईंट से हमला किया। वारदात के बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली।
पांच लाख रुपये देने की बात आई सामने
जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बदले दोस्त को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस अब पूरे मामले में आर्थिक लेनदेन और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पहले भी जा चुका था जेल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक पहले भी चोरी और जानलेवा हमले के मामलों में जेल जा चुका था। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।