बरेली। पीलीभीत बाईपास पर बीडीए की मेगा टाउनशिप परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए अब तक 258 बैनामों के जरिए 117 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है और किसानों को करीब 560 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टाउनशिप आने वाले समय में बरेली के शहरी विकास की नई पहचान बनने की ओर बढ़ रही है।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा टाउनशिप के लिए ग्राम कुम्हरा, नवदिया कुर्मियान, अडूपुरा जागीर, आसपुर खूबचंद, वरकापुर, हरहरपुर, कलापुर, अहिलादपुर और मोहरिया में बड़े स्तर पर भूमि क्रय की गई है। अब तक 258 बैनामों के जरिए 117 हेक्टेयर जमीन प्राधिकरण के नाम हो चुकी है। भूमि खरीद के एवज में किसानों को लगभग 560 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। भुगतान की प्रक्रिया सीधे और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई, जिससे किसानों ने भी परियोजना में भरोसा जताया है।
सिर्फ कॉलोनी नहीं, मिनी स्मार्ट सिटी होगी नई टाउनशिप
बीडीए इस परियोजना को पारंपरिक आवासीय योजना की तरह नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी अवधारणा के अनुरूप विकसित करने की तैयारी में है। टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित आवासीय और व्यावसायिक सेक्टर, हरित पार्क, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, आधुनिक जलापूर्ति और सीवरेज नेटवर्क, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, खेल मैदान, सामुदायिक केंद्र, स्कूल, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्देश्य ऐसा शहर बसाना है, जहां लोगों को एक ही परिसर में आधुनिक जीवन की सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
बरेली की अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया इंजन
नई टाउनशिप बनने से पीलीभीत बाईपास क्षेत्र की जमीनों का महत्व बढ़ेगा। रियल एस्टेट, व्यापार और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी। हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही आसपास के इलाकों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा, जिससे पूरे क्षेत्र का विकास नए स्तर पर पहुंचेगा।
समयबद्ध तरीके से पूरा होगा प्रोजेक्ट : सौम्या पांडे
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा कि पीलीभीत बाईपास की यह टाउनशिप बरेली के भविष्य को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। भूमि खरीद की पूरी प्रक्रिया किसानों के हितों और पारदर्शिता को प्राथमिकता देकर पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य इस परियोजना को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है, ताकि यह टाउनशिप आधुनिक नगरीय विकास और बेहतर आधारभूत सुविधाओं का नया मानक बन सके।