बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की राष्ट्रीय राजनीति में एक बार फिर बरेली का परचम लहराया है। रामा श्यामा पेपर मिल के मालिक और वरिष्ठ उद्योगपति दिनेश गोयल को वर्ष 2026-27 के लिए सर्वसम्मति से दोबारा आईआईए का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उनके पुनर्निर्वाचन की घोषणा होते ही बरेली समेत पूरे प्रदेश के उद्योग जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। उद्यमियों ने इसे न सिर्फ बरेली बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
लखनऊ में हुई बैठक, सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष
शनिवार को लखनऊ में आयोजित आईआईए की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी ने परिणाम घोषित करते हुए दिनेश गोयल को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। उनके नाम पर बनी सहमति को संगठन में उनकी मजबूत स्वीकार्यता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण माना जा रहा है।
यूपी को औद्योगिक हब बनाने पर रहेगा फोकस
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिनेश गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए पहले से अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना, निवेश को बढ़ावा, रोजगार सृजन और औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना और उद्यमियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।
एमएसएमई, फाइनेंस और स्किल डेवलपमेंट पर विशेष जोर
दिनेश गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में सबसे बड़ी चुनौती सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इसके लिए तकनीकी उन्नयन, आसान वित्तीय सहायता और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उद्योगों को दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।
पहले कार्यकाल की उपलब्धियों पर मिला भरोसा
उद्योग जगत का मानना है कि दिनेश गोयल के पहले कार्यकाल में आईआईए ने एमएसएमई सेक्टर, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और उद्यमियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया। कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संगठन की प्रभावी पैरवी का लाभ प्रदेशभर के उद्यमियों को मिला। यही वजह रही कि उन्हें लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बरेली से लेकर प्रदेशभर में जश्न का माहौल
दिनेश गोयल के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बरेली समेत प्रदेशभर के उद्योगपतियों और उद्यमियों ने उन्हें बधाई दी। आशीष गुप्ता, विमल रिवाड़ी, नीरज गोयल, तनुज भसीन, मनोज पंजावी, मनोहर लाल धीरवानी, एसके सिंह, सतीश अग्रवाल, घनश्याम खंडेलवाल, पीयूष कुमार अग्रवाल, शेखर अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, धनंजय विक्रम सिंह और शार्दुल शंखधार सहित बड़ी संख्या में उद्यमियों ने उनका स्वागत करते हुए इसे उद्योग जगत के लिए गौरव का क्षण बताया।