Bareilly News:बहेड़ी चीनी मिल की नीलामी को लेकर सियासी बयानबाजी और उठ रहे सवालों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट कहा है कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था को लगता है कि चीनी मिल की संपत्ति 28 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक मूल्य की है और वह उससे ज्यादा कीमत पर खरीदने का इच्छुक है, तो वह अपनी आपत्ति के साथ डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) या बैंकर्स चेक प्रस्तुत कर सकता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बहेड़ी चीनी मिल के गन्ना मूल्य बकाया और नीलामी प्रक्रिया को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
सिर्फ आरोप नहीं, खरीदने की मंशा भी दिखाइए
बैठक में नीलामी की अंतिम बोली 28 करोड़ 5 लाख रुपये को लेकर सामने आ रही आपत्तियों पर विचार किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति, संस्था या निवेशक इससे अधिक मूल्य पर खरीददारी का इच्छुक है तो वह जिलाधिकारी के समक्ष वैधानिक प्रक्रिया के तहत अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकता है। प्रशासन का मानना है कि केवल नीलामी पर सवाल उठाने के बजाय इच्छुक खरीदारों को औपचारिक रूप से आगे आना चाहिए, ताकि किसानों के हित में अधिकतम मूल्य प्राप्त किया जा सके।
किसानों के बकाया भुगतान पर प्रशासन का जोर
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराना है। इसी उद्देश्य से नीलामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और हर कदम नियमानुसार उठाया जा रहा है।
अब नवाबगंज चीनी मिल की बारी
बैठक में यह भी बताया गया कि नवाबगंज चीनी मिल का मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद उसकी नीलामी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य दोनों मिलों से जुड़े किसानों के बकाया भुगतान का रास्ता साफ करना है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक, उप जिलाधिकारी बहेड़ी इशिता किशोर, जिला गन्ना अधिकारी, तहसीलदार बहेड़ी समेत किसान संगठनों के प्रतिनिधि रवि ढाका, चौधरी जगत सिंह, चौधरी अजीत सिंह, वंश चौधरी, अनुज ठाकुर और जुबेर सिद्दीकी मौजूद रहे।
किसानों के साथ खड़ी है योगी सरकार हर हाल में होगा भुगतान
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि कोई भी प्रतिनिधि यदि इससे अधिक का डीडी लाना चाहता है तो वह ले आए और डीडी जमा करें अन्यथा की स्थिति में नीलामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हर हाल में किसानों का भुगतान किया जाएगा। किसानों के बकाया भुगतान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।