बरेली। पुलिस ने हवाला कारोबार के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के मुताबिक आरोपी एक फर्जी कंपनी के जरिए बैनामी धन का लेन-देन कर रहे थे और रकम को हवाला के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल करने वालों तक पहुंचाया जाता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 35 लाख रुपये नकद, दो फर्जी आधार कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में कई अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने खुलासा करते हुए बताया कि बारादरी पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि एक बंद पड़ी कंपनी के खाते में अलग-अलग स्थानों से बड़ी रकम जमा कराई जा रही है। इसके बाद पैसे निकालकर हवाला नेटवर्क के जरिए आगे भेजे जाते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने माधोबाड़ी क्षेत्र में छापा मारकर जमीर अहमद और जगदीश चोटिया को गिरफ्तार कर लिया।

दुबई कनेक्शन भी आया सामने

पुलिस पूछताछ में जमीर अहमद ने खुलासा किया कि उसका संपर्क मोबाइल फोन के जरिए खुद को दुबई निवासी बताने वाले अली जीशान से हुआ था। अली जीशान ने ही उसे फर्जी कंपनी खोलने और बैंक खाता संचालित करने की सलाह दी थी। आरोप है कि कंपनी के खाते में आने वाली रकम को निकालकर टोकन नंबर के आधार पर विभिन्न लोगों तक पहुंचाया जाता था और इसके बदले मोटा कमीशन मिलता था।

मोईन के नाम पर खोली गई थी कंपनी

जांच में सामने आया कि केजीएन नाम की कंपनी मोईन अली के नाम पर खोली गई थी। कंपनी का कार्यालय पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आशुतोष सिटी में बनाया गया था। पुलिस के अनुसार कंपनी किसी वैध व्यापारिक गतिविधि में शामिल नहीं थी, बल्कि उसका इस्तेमाल केवल हवाला कारोबार के लिए किया जा रहा था।

चार साल से हवाला कारोबार में सक्रिय था आरोपी

दूसरे आरोपी जगदीश चोटिया ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले चार साल से हवाला कारोबार में सक्रिय है। उसने बताया कि दिल्ली में बैठे उसके सहयोगी लालचंद्र और धम्माराम टोकन सिस्टम के जरिए रकम का भुगतान करते थे। हवाला नेटवर्क में पैसा भेजने और लेने वालों की पहचान जानबूझकर गुप्त रखी जाती थी।

कई राज्यों और विदेश तक जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों के साथ-साथ विदेश तक जुड़े हो सकते हैं। मामले में मोईन अली, लालचंद्र, धम्माराम और अली जीशान की तलाश की जा रही है। पुलिस बैंक खातों और लेन-देन के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

35 लाख नकद, फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, दो फर्जी आधार कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *