नई दिल्ली: आमतौर पर पेट के कैंसर के मरीजों में पेट दर्द, अपच, ब्लोटिंग, भूख कम लगना और तेजी से वजन घटना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। लेकिन चीन में सामने आए एक हैरान करने वाले मामले ने डॉक्टरों को भी चौंका दिया। यहां 39 वर्षीय एक महिला में पेट का बेहद आक्रामक कैंसर सिग्नेट रिंग सेल कार्सिनोमा पाया गया, जबकि उसे बीमारी का कोई भी सामान्य लक्षण नहीं था।

रिपोर्ट के मुताबिक महिला पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रही थी। उसे न पेट दर्द था, न अपच की समस्या, न ही वजन कम हो रहा था। यहां तक कि छह महीने पहले हुए हेल्थ चेकअप में भी कोई गंभीर बीमारी सामने नहीं आई थी।

हाल ही में एक रूटीन एंडोस्कोपी जांच के दौरान डॉक्टरों को महिला के पेट में एक छोटा सा अल्सर दिखाई दिया। शुरुआत में यह सामान्य अल्सर जैसा लगा, लेकिन अल्सर के आसपास की परत असामान्य रूप से क्षतिग्रस्त और खुरदुरी दिखाई देने पर डॉक्टरों को कैंसर का संदेह हुआ। इसके बाद बायोप्सी कराई गई, जिसमें खतरनाक सिग्नेट रिंग सेल कार्सिनोमा की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान महिला में हेलीकोबैक्टर पाइलोरी (H. pylori) बैक्टीरिया भी पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार यह बैक्टीरिया लंबे समय तक पेट में सूजन, गैस्ट्रिक म्यूकोसा को नुकसान और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

समय रहते बीमारी का पता चलने के बाद डॉक्टरों ने सफल सर्जरी की, जिसके बाद महिला की हालत सामान्य है। विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार कैंसर शुरुआती चरण में कोई लक्षण नहीं दिखाता, इसलिए नियमित हेल्थ चेकअप और स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है।

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं और शरीर में किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करें, क्योंकि समय पर पहचान ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *