UP NEWSअर्बन हॉस्पिटल और वायरल वीडियो से लिये गये क्लिप।

बरेली। स्वाले नगर स्थित अर्बन हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन सीएमओ विश्राम सिंह ने 16 सितंबर को रद्द कर दिया था। अस्पताल में भर्ती मरीजों को जिला अस्पताल या महिला अस्पताल में शिफ्ट करने और इलाज बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद चार दिन बाद भी अस्पताल का संचालन जारी है। अब स्वास्थ्य विभाग अस्पताल को सील करने की तैयारी में है।

स्वास्थ्य विभाग की जांच में अर्बन हॉस्पिटल में अवैध पैथोलॉजी के संचालन समेत कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। इसके बाद CMO ने अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया। साफ निर्देश थे कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को दूसरे सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कराया जाए और चिकित्सकीय काम बंद किया जाए।

आदेश के बाद भी चल रहा अस्पताल

रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद अस्पताल को मरीजों का इलाज बंद करना था, लेकिन चार दिन बाद भी वहां कामकाज जारी रहने की बात सामने आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द हो चुका था तो स्वास्थ्य विभाग के आदेश का पालन क्यों नहीं कराया गया। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द करने के बाद इसकी सूचना एसएसपी कार्यालय और किला पुलिस को भी भेजी गई थी। संबंधित नोडल अधिकारी को भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अस्पताल का संचालन जारी रहने से विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब अस्पताल पर लगेगी सील

डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी ने बताया कि अर्बन हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन रद्द किया जा चुका है। अगर रजिस्ट्रेशन रद्द होने के बाद भी अस्पताल का संचालन किया जा रहा है तो जांच कर अस्पताल को सील कराया जाएगा। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल की स्थिति की जांच करेगी। संचालन होता मिला तो अस्पताल पर सील लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *