bareillyवीडियो से लिया गया क्लिप और मौके पर जांच करती टीम व पुलिस।

बरेली। कोतवाली क्षेत्र में जंक्शन रोड स्थित मॉडल शॉप की कैंटीन में नॉनवेज बिकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस एफएसडीए की टीम को लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने कैंटीन की जांच-पड़ताल की और कैंटीन मालिक को हिरासत में ले लिया। मामले में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत कार्रवाई की बात कही जा रही है।

अंग्रेजी शराब की दुकान की कैंटीन में बिक रहा था चिकन

जंक्शन रोड पर सरन अस्पताल के सामने अंग्रेजी शराब की दुकान है। इसी परिसर में अमन नाम से कैंटीन संचालित होती है। आरोप है कि बुधवार रात कैंटीन में चिकन की पकौड़ी बेचा जा रहा था। इसी दौरान किसी युवक ने चिकन बिक्री का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। देखते ही देखते वीडियो चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जंक्शन चौकी इंचार्ज वैभव एफएसडीए की टीम के साथ कैंटीन पर पहुंचे। मौके पर जांच-पड़ताल के बाद कैंटीन मालिक अमन को हिरासत में लिया गया। टीम की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कैंटीन मालिक हिरासत में, कार्रवाई की जानकारी पर असमंजस

पुलिस की ओर से मामले में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के तहत कार्रवाई की बात कही गई। हालांकि, मौके पर एफएसडीए की ओर से क्या कार्रवाई की गई और जांच में क्या सामने आया, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। खाद्य विभाग के अधिकारियों के बीच भी मामले की जानकारी को लेकर असमंजस दिखाई दिया। खाद्य सहायक आयुक्त राहुल सिंह से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्हें मामले की जानकारी नहीं होने की बात सामने आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस के साथ एफएसडीए की टीम मौके पर पहुंची और कैंटीन मालिक को हिरासत में लिया गया तो इसकी रिपोर्ट विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तक क्यों नहीं पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *