crime newsपुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स: इनफोक्रक्स)

Bareilly बहेड़ी पुलिस ने बाइक और आईफोन लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से घिरते ही बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

4 जून को उलेतापुर निवासी वीरपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी ससुराल से बाइक से लौट रहा था। शाम करीब साढ़े सात बजे ग्राम मिन्तरपुर के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।

घिरते ही पुलिस पर की फायरिंग

शनिवार देर रात थाना बहेड़ी पुलिस देवीपुरा बाजार के पास पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों घबरा गए और उनकी बाइक सड़क पर गिर गई। एक युवक वहीं गिर पड़ा जबकि दूसरा भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो दोनों बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करन मौर्य के पैर में गोली लग गई। मौके से करन मौर्य (22) पुत्र खमानी लाल और ओमकार (23) पुत्र चेतराम निवासी ग्राम पतरासी, थाना बहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। ओमकार को बाइक गिरने से चोट लगी थी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

लूटी हुई बाइक से मिटा दिए नंबर

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 4 जून को मिन्तरपुर रोड पर एक युवक से बाइक और मोबाइल लूटा था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी उतारकर फेंक दी थी। उसी लूटी हुई बाइक से वे कस्बा बहेड़ी जा रहे थे, तभी पुलिस चेकिंग में फंस गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *