बरेली। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2 इंस्पेक्टर समेत 46 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश में कई उपनिरीक्षकों, चौकी प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव का सीधा असर थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली पर दिखाई देगा।
एसएसपी के आदेश के तहत निरीक्षक अजीत सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस से थाना शीशगढ़ में इंस्पेक्टर क्राइम नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस से प्रेमनगर थाने में इंस्पेक्टर क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक श्रीनिवास को मीरगंज से स्थानांतरित कर कैंट थाने भेजा गया है।
चौकी प्रभारियों के तबादले से बदला पुलिसिंग का समीकरण
जिले की कई महत्वपूर्ण चौकियों के प्रभारियों को भी नई तैनाती दी गई है। पुनीत कुमार को भुता से हटाकर ढकिया डाम चौकी प्रभारी बनाया गया है, जबकि रविराज पावड़िया को ढकिया डाम से चौकी चौराहा कोतवाली भेजा गया है। राजेंद्र सिंह को जिला अस्पताल चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुदीप बघेल को शाहबाद चौकी और आशीष कुमार को सीबीगंज थाना भेजा गया है।
मॉडल टाउन से टीपी नगर तक बदले चौकी प्रभारी
फेरबदल के तहत अजय शर्मा को सद्भावना चौकी, लोकेश तोमर को देवरनियां चौकी, गौरव कुमार अत्री को टीपी नगर चौकी और हरेंद्र प्रताप सिंह को बभिया चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। बारादरी क्षेत्र की मॉडल टाउन चौकी का प्रभार सौरभ डेढ़ा को सौंपा गया है, जबकि जितेंद्र कुमार को मढ़ीनाथ और रविंद्र सिंह को करगैना चौकी भेजा गया है।
महिला सुरक्षा पर फोकस, महिला रिपोर्टिंग चौकी को मिली नई प्रभारी
महिला सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को ध्यान में रखते हुए अंजलि सिसौदिया को महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा दयानंद को केंद्रीय कारागार चौकी, ऋषि मित्र को बेवल बसंतपुर चौकी और अखिल प्रताप सिंह को आंवला थाना भेजा गया है।
कई थानों में नई तैनाती, पुलिसिंग को मिलेगी नई धार
गोविंद सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों को रिजर्व पुलिस लाइंस से विभिन्न थानों और शाखाओं में नई तैनाती दी गई है। शुभम कुमार को प्रेमनगर से आंवला तथा विजय सिंह तेवतिया को देवरनियां से क्योलड़िया थाना भेजा गया है। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
जनता को बेहतर पुलिसिंग देने की कवायद
एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि नई तैनातियों से थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा, अपराध नियंत्रण को गति मिलेगी और जनता को त्वरित व बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। आने वाले दिनों में इस प्रशासनिक बदलाव का असर जनसुनवाई और कानून-व्यवस्था पर साफ दिखाई दे सकता है।