Bareilly News: प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझे का जाल लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। सोमवार सुबह बरेली के श्यामतगंज पुल पर हुए एक हादसे में प्रदेश के गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे आदित्य गंगवार की गर्दन और चेहरा चाइनीज मांझे से गंभीर रूप से कट गया। घायल किशोर को तत्काल ईशान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
गन्ना मंत्री ने भाई ब्लॉक प्रमुख अजय गंगवार का 15 वर्षीय बेटा वीर सिंह उर्फ आदित्य गंगवार सोमवार सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच गांधी उद्यान की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए जा रहा था। आदित्य कक्षा 9 का छात्र है। जैसे ही वह श्यामतगंज पुल के पास पहुंचा, सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझा सीधे उसके चेहरे और गर्दन पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गर्दन से बहता रहा खून, फिर भी नहीं खोया हौसला
हादसे के बाद आदित्य के चेहरे और गले पर गहरे घाव हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गर्दन से खून बह रहा था, लेकिन इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही वाहन चलाकर ईशान हॉस्पिटल पहुंच गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया।
गन्ना मंत्री का भतीजा, ब्लॉक प्रमुख का बेटा है आदित्य
आदित्य गंगवार, उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार का भतीजा है। उसके पिता अजय गंगवार पीलीभीत जिले के लालौरीखेड़ा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन बरेली पहुंचे और अस्पताल में मौजूद रहे।
अस्पताल पहुंचे गन्ना मंत्री, डॉक्टरों से ली जानकारी
भतीजे के घायल होने की सूचना मिलते ही गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार ईशान हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से आदित्य की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को कहा। अस्पताल में मंत्री के पहुंचने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ भी जुट गई।
प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहा चाइनीज मांझे का कारोबार
यह घटना एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासनिक कार्रवाई के दावों के बावजूद शहर में खुलेआम बिक रहा यह जानलेवा मांझा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार का बयान
गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद इसका इस्तेमाल होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यह सीधे लोगों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि वह डीएम और एसएसपी से बात कर पूरे मामले की जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
एसएसपी अनुराग आर्य का बयान
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बाजार में कैसे पहुंच रहा है, इसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस पहले भी ऐसे मांझे की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई कर चुकी है। अब दोबारा विशेष अभियान चलाकर बिक्री और खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।