बरेली। जनगणना-2027 के तहत शहर के प्रत्येक मकान की गणना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने अभियान को तेज कर दिया है। भारत सरकार ने 20 जून 2026 तक शत-प्रतिशत मकान गणना का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में जिन मकानों, भवनों या आवासीय परिसरों की अब तक गणना नहीं हो सकी है, उनके स्वामी अथवा निवासी 17 जून तक नगर निगम को सूचना देकर अपना विवरण दर्ज करा सकते हैं।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मकान की गणना अब तक नहीं हुई है तो संबंधित नागरिक स्वयं आगे आकर इसकी जानकारी दें। सहायक अभियंता मुकेश शाक्य ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचना मिलने पर गणना टीम भेजकर प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम और जोनवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
जनगणना अभियान में जुटा नगर निगम
शहर के चारों जोन में चार्ज अधिकारियों की तैनाती की गई है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि मकान गणना केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। सही आंकड़े मिलने से शहर की जरूरतों के अनुसार संसाधनों और सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।
विकास की नींव बनेगा सटीक डाटा
नगर निगम के अनुसार मकान गणना से शहर की वास्तविक आबादी, आवासीय स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की जरूरतों का आकलन किया जाएगा। सड़क, पेयजल, सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में यह डाटा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके अलावा भविष्य में परिसीमन और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में भी यह जानकारी सहायक होगी।
जोनवार हेल्पलाइन नंबर जारी
मकान गणना से संबंधित जानकारी या शिकायत के लिए नागरिक नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जोनवार अधिकारियों से भी संपर्क किया जा सकता है—
जोन-1 : 7055519893
जोन-2 : 9639912880
जोन-3 : 7895408042
जोन-4 : 6392640095
नगर आयुक्त की अपील
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके मकान की गणना नहीं हुई है तो निर्धारित तिथि से पहले सूचना देकर जनगणना-2027 अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मकान का रिकॉर्ड तैयार होना शहर के सुनियोजित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।