खान सर

पटना। देश के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर Faisal Khan (Khan Sir) उर्फ खान सर को मंगलवार को बड़ी कानूनी राहत मिल गई। पटना सिविल कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज फायरिंग और बवाल मामले में फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई तक उन्हें संरक्षण प्रदान किया है।

मामला 2 जून को पटना के कदमकुआं इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग से जुड़ा है। घटना के बाद पुलिस ने खान सर समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोप है कि कोचिंग सेंटर के बाहर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें सुरक्षा कर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।

शुरुआत में खान सर के सरेंडर करने की चर्चाएं तेज थीं, लेकिन उनके वकील ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सरेंडर के बजाय अग्रिम जमानत की राह चुनी। इसके बाद कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी।

इस पूरे विवाद ने पटना के कोचिंग जगत में मची प्रतिस्पर्धा और टकराव को भी सुर्खियों में ला दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दूसरी ओर खान सर ने पहले ही इस घटना को साजिश बताते हुए अपने संस्थान को निशाना बनाए जाने का दावा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *