up newsबैठक के दौरान मौजूद अधिकारी।

बरेली। ईद-मिलादुन्नबी पर इस बार जुलूसों में न तो नया रास्ता जोड़ा जा सकेगा और न ही कोई नई परंपरा शुरू होगी। डीजे और लाउडस्पीकर भी तय आवाज में ही बजेंगे। त्योहार से पहले पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। गुरुवार को डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जुलूसों को लेकर सख्त निर्देश दिए।

ईद-मिलादुन्नबी पर शहर में अलग-अलग अंजुमनों की ओर से जुलूस निकाले जाते हैं। इस बार भी जुलूस उन्हीं रास्तों से गुजरेंगे, जिन पर पहले से अनुमति है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ किया कि जुलूस के रास्ते में अपनी तरफ से कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। त्योहार के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू करने की भी इजाजत नहीं होगी। अंजुमनों को जुलूस शुरू करने से लेकर खत्म करने तक का समय ध्यान में रखने को कहा गया है। कोशिश रहेगी कि एक जुलूस की देरी से दूसरे जुलूस या शहर के यातायात पर असर न पड़े। आयोजकों से कहा गया है कि तय समय पर जुलूस निकालें और समय रहते उसे पूरा कराएं।

0

डीजे की तेज आवाज पर रहेगी पुलिस की नजर

जुलूसों में डीजे और लाउडस्पीकर को लेकर भी पुलिस ने पहले ही स्थिति साफ कर दी है। आवाज तय सीमा के अंदर रखनी होगी। डीजे और दूसरे साउंड सिस्टम नियमों के मुताबिक ही चलाए जा सकेंगे। तेज आवाज या नियम तोड़ने की स्थिति में पुलिस कार्रवाई कर सकती है। त्योहार के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स लगाई जाएगी। जुलूस वाले रास्तों के साथ संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। अफसरों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम पहले ही दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीड़ बढ़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो।

त्योहार मनाएं, शहर का माहौल न बिगड़ने दें

पुलिस-प्रशासन ने अंजुमनों और आयोजकों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा ईद-मिलादुन्नबी का जश्न शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए और ऐसी किसी गतिविधि से बचा जाए जिससे शहर का माहौल प्रभावित हो। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान समेत सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *