bareillyजांच करती टीम

बरेली। स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। डॉग स्क्वॉड के साथ सुरक्षा टीमों ने स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

प्लेटफॉर्म से एंट्री-एग्जिट तक डॉग स्क्वॉड की जांच

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी के निर्देशन में चले अभियान में स्टेशन के संवेदनशील हिस्सों पर विशेष फोकस रहा। डॉग स्क्वॉड ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, यात्री प्रतीक्षालय समेत आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों की गहन तलाशी ली। RPF और GRP की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में भी जांच की। यात्रियों और उनके सामान पर नजर रखने के साथ संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों को लेकर सुरक्षा कर्मी अलर्ट रहे। स्टेशन परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों का भी जायजा लिया गया।

0

संदिग्ध वस्तु दिखे तो तत्काल दें सूचना

रेल प्रशासन ने यात्रियों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। यात्रियों से कहा गया है कि स्टेशन परिसर या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल RPF, GRP अथवा रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दें। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की सतर्कता के साथ यात्रियों का सहयोग भी जरूरी है। स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाए गए संयुक्त जांच अभियान के जरिए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के साथ सतर्कता बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *