bareillyमृतक सनी का फाइल फोटो।

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। युवक पत्नी से मिलने हल्द्वानी से बरेली आया था। परिजनों के मुताबिक, मौत से पहले युवक ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने फंदा लगाने की बात कही थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के पहाड़गंज निवासी 26 वर्षीय सनी कुमार उर्फ राहुल के रूप में हुई है। सनी अपनी पत्नी काजल और तीन बच्चों के साथ हल्द्वानी में रहता था और पिंडदान से संबंधित कार्य करता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद काजल दो दिन पहले अपने मायके पहाड़गंज आ गई थी।

पत्नी से बात के बाद बनाया वीडियो

रविवार शाम सनी भी हल्द्वानी से बरेली पहुंच गया। परिजनों के अनुसार, यहां फोन पर उसकी पत्नी से बातचीत हुई। इसके बाद उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें फंदे पर लटकने की बात कही। कुछ समय बाद सनी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

वीडियो और विवाद की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

इज्जतनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस युवक की मौत से पहले बनाए गए वीडियो और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। सनी अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *