up newsकलेक्ट्रेट में हुआ लाइव प्रसारण

बरेली। प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी है। जवानों के मानदेय में 100 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 500 से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने समेत कई कल्याणकारी कदम उठाने की घोषणा से जवानों में उत्साह और खुशी का माहौल है। गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवान सम्मेलन का मंगलवार को बरेली कलेक्ट्रेट में भी लाइव प्रसारण देखा गया। योगी सरकार को धन्यवाद देते हुये पीआरडी जवानों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं।

bareilly

गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय बढ़ाये जाने के फैसले का लाभ प्रदेशभर में ड्यूटी करने वालों को मिलेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर पर पीआरडी जवानों के लिए तैयार मल्टीस्टोरी बैरक का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जवानों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन का बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जिले के पीआरडी जवानों ने भी मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम में विभाग के व्यायाम प्रशिक्षक, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी और वरिष्ठ सहायक समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आरती जायसवाल ने कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पीआरडी जवानों का आभार जताया।

0

जवानों में खुशी, बोले- फैसले से मिलेगी राहत

मानदेय में 100 रुपये की वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा को लेकर पीआरडी जवानों में उत्साह रहा। पीआरडी जवान विजेंद्र कुमार सिंह, बनारसी दास, महिला पीआरडी जवान रेनू सिंह व शारदा तथा प्रेमपाल सिंह और ओम प्रकाश ने सरकार के फैसले पर खुशी जताई। जवानों का कहना था कि मानदेय बढ़ने से आर्थिक राहत मिलेगी, जबकि कैशलेस चिकित्सा जैसी सुविधा जवानों और उनके परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगी। वर्तमान दौर में इलाज महंगा है। ऐसे में सरकार का ये कदम हमारे लिये वरदान साबित होगा।

जिले के जवानों तक पहुंचेंगी नई सुविधाएं

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आरती जायसवाल ने बताया कि शासन स्तर से पीआरडी जवानों के हित में लिए गए निर्णयों और कल्याणकारी योजनाओं का नियमानुसार लाभ पात्र जवानों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जवानों को नई व्यवस्थाओं और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पीआरडी जवानों को उनकी मेहनत के अनुरूप सरकार मानदेय दे रही है। उनकी सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *