बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में खेत में पानी लगाने गए किसान का शव मंगलवार सुबह कुएं में उतराता मिला। किसान सोमवार दोपहर से लापता था और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत से नौ बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी 40 वर्षीय सुभाष मौर्य सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपने गुलाब के खेत में पानी लगाने गए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी कमलेश खाना लेकर खेत पर पहुंचीं, लेकिन सुभाष वहां नहीं मिले। उन्होंने आसपास आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर कमलेश ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के खेतों और गांव में तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लगा।
ट्यूबवेल के पास पुराने कुएं में मिला शव
मंगलवार सुबह परिजन एक बार फिर खेत पर पहुंचे और सुभाष की तलाश शुरू की। इसी दौरान ट्यूबवेल के पास बने पुराने कुएं में उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
ढाई साल का है सबसे छोटा बेटा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुभाष मौर्य के परिवार में पत्नी कमलेश और नौ बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि आठ बच्चे अभी अविवाहित हैं। सबसे छोटा बेटा महज ढाई साल का है। सुभाष के पास केवल एक बीघा जमीन थी। खेती और मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सूचना पर पहुंची भमोरा पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।