बरेली। भिटौरा रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक ट्रेन से उतरकर पटरी पर खड़े दो ट्रेन अटेंडेंट दूसरी लाइन से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे और पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
हादसा ट्रेन संख्या 04014 लोकहा बाजार (आनंद विहार-लोकहा बाजार) के भिटौरा फाटक के पास रुकने के दौरान हुआ। इसी ट्रेन में ट्रेन अटेंडेंट के रूप में काम करने वाले दीपक चौहान और बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन भी सवार थे। दोनों ट्रेन से नीचे उतरे और रेलवे पटरी पर खड़े हो गए।
मुरादाबाद की तरफ से आई ट्रेन, पलक झपकते ही छिन गई जिंदगी
इसी बीच मुरादाबाद की ओर से 18104 अमृतसर-टाटानगर नॉन-स्टॉप ट्रेन दूसरी लाइन से गुजर रही थी। पटरी पर खड़े दोनों अटेंडेंट उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में जान गंवाने वाले दीपक चौहान (26) पुत्र सुमेर सिंह, नवादा गांव, थाना लवेदी, जिला इटावा के रहने वाले थे। वहीं बिमलेश कुमार त्रिवेदी उर्फ साजन (28) गांव और थाना गुरबक्शगंज, जिला रायबरेली के निवासी थे। दोनों रेलवे में ट्रेन अटेंडेंट के तौर पर काम करते थे।
पुलिस पहुंची, फिर जीआरपी ने संभाली कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप सैनी, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रभास कुमार मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद बरेली जंक्शन से जीआरपी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और जीआरपी ने शवों की शिनाख्त कराई और परिजनों को घटना की सूचना दी। पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की गई। दो युवकों की अचानक मौत की खबर उनके घर पहुंची तो परिवारों में कोहराम मच गया। जिस नौकरी के सिलसिले में दोनों ट्रेन में ड्यूटी कर रहे थे, उसी दौरान एक पल की चूक उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गई। जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।