गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में दो नाबालिग भाइयों की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खानपुर थाना क्षेत्र के रजहटी गांव में 14 वर्षीय करन और उसके 12 वर्षीय भाई आर्यन के शव घर के एक कमरे में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दोनों बच्चों की हत्या का आरोप उनकी मां पूजा राजभर पर लगा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर वारदात की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पति मुंबई में, दूसरी शादी के बाद बढ़ा पारिवारिक तनाव
पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद का पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि पूजा का पति अर्जुन राजभर मुंबई में रहकर काम करता है। आरोप है कि उसने पूजा से तलाक लिए बिना वहां दूसरी महिला से शादी कर ली। पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद पूजा तनाव में रहने लगी थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पारिवारिक विवाद का बच्चों की मौत से कोई सीधा संबंध है या नहीं।
दादी लौटीं तो घर में नहीं दिखे दोनों बच्चे
पूजा अपने सास-ससुर, दो बेटों और एक बेटी के साथ गांव में रहती थी। घटना के समय बच्चों की दादी कुछ देर के लिए घर से बाहर गई थीं। वापस आने पर दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए। तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चला तो मामला संदिग्ध लगा और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर की छानबीन की। इस दौरान एक कमरे को खुलवाया गया तो अंदर दोनों भाइयों के शव मिले। एक साथ दो बच्चों के शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या पहले कुछ खिलाया, फिर की गई हत्या? पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले कोई पदार्थ खिलाया गया हो सकता है। इसके बाद उनके मुंह में कपड़ा ठूंसने और सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने मौत के तरीके और कारण को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
बच्चों की मौत के बाद मां ने भी की खुदकुशी की कोशिश
मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। घटना के बाद पूजा के खुदकुशी की कोशिश करने की बात कही जा रही है, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। पुलिस अब महिला से पूछताछ के साथ उसकी गतिविधियों और घटना से ठीक पहले घर में हुई परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस पति अर्जुन की दूसरी शादी के आरोप, दंपती के बीच संबंधों और परिवार में चल रहे विवाद को भी जांच के दायरे में रख रही है। दोनों बच्चों की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगी। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।