बरेली। नाथ नगरी में जलस्रोतों और पर्यावरण को सहेजने के लिए बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड ने जनभागीदारी की नई मुहिम शुरू की है। मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) डॉ. तनु जैन की पहल पर गुरुवार सुबह धोपेश्वरनाथ मंदिर के निकट साई स्टेडियम रोड से सामूहिक श्रमदान एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता के साथ जल और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

श्रमदान से दिया—प्रकृति की रक्षा सबकी जिम्मेदारी

सुबह करीब नौ बजे शुरू हुए अभियान में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, नदियों एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। अभियान का संदेश रहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकारी विभागों या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। शहर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

छोटे प्रयासों से आएगा बड़ा बदलाव: डॉ. तनु जैन

CEO डॉ. तनु जैन ने कहा कि बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती। छोटे-छोटे सामूहिक प्रयास और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बड़े परिवर्तन की बुनियाद बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के जलस्रोतों को साफ रखने, प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमित श्रमदान करने की अपील की।

‘नकटिया से नाथ गंगा तक’ से जुड़ेगी नदी, हरियाली और विरासत

अभियान में ‘नकटिया से नाथ गंगा तक’ की परिकल्पना को भी प्रमुखता से सामने रखा गया। इसके जरिए बरेली की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में नदी, जल संरक्षण, हरियाली और जनभागीदारी को एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास है। लक्ष्य ऐसा बरेली विकसित करना है, जहां विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी समान प्राथमिकता मिले।

जल बचाने और प्लास्टिक से दूरी का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से जल की बर्बादी रोकने, नदियों एवं जलस्रोतों को प्रदूषित न करने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को महज एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कैंट बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य सामूहिक भागीदारी के जरिए स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-संवेदनशील बरेली की दिशा में जनअभियान खड़ा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *