google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyप्रदर्शन में मौजूद सपा विधायक व अन्य।

बरेली। बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल पर गन्ना किसानों के 162 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान और मिल को सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। सपा विधायक अताउर रहमान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और पार्टी कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। यहां एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजने की तैयारी थी, लेकिन तहसील में कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिला। बाद में ज्ञापन प्रेषित कर दिया गया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों का बकाया भुगतान जल्द नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन से पहले सपा कार्यालय पर किसानों की सभा आयोजित की गई। इस दौरान विधायक अताउर रहमान ने कहा कि बहेड़ी क्षेत्र के गन्ना किसानों का करीब 162 करोड़ रुपये केसर चीनी मिल पर बकाया है। सरकार ने गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिन के भीतर कराने का वादा किया था, लेकिन किसानों को दो साल से उनका पैसा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह, खेती-किसानी, बैंक का कर्ज चुकाने और परिवार के सदस्यों का इलाज कराने तक में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी मेहनत की कमाई के लिए बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है।

ब्याज सहित 162 करोड़ रुपये का भुगतान कराने की मांग

राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में किसानों के बकाया 162 करोड़ रुपये का ब्याज सहित तत्काल भुगतान कराने की मांग की गई। इसके साथ ही मिल प्रबंधन को निर्धारित समय-सीमा में भुगतान करने के निर्देश देने, भुगतान में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और मिल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई। सपा नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए केसर चीनी मिल को सुचारू रूप से संचालित कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि मिल के नियमित संचालन से किसानों के साथ स्थानीय मजदूरों और कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।

भाजपा पर साधा निशाना, विकास और महंगाई को लेकर उठाए सवाल

किसानों की सभा को संबोधित करते हुए विधायक अताउर रहमान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास और किसानों की समस्याओं पर बात करने के बजाय हिंदू-मुस्लिम और पाकिस्तान जैसे मुद्दों पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से विकास के मुद्दे पर भाषण देने को कहा जाए तो उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं होगा। विधायक ने महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आने से पहले सोने की कीमत करीब 46 हजार रुपये प्रति तोला थी, जो अब डेढ़ लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंच गई है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो गांव-गांव जाकर करेंगे आंदोलन

विधायक अताउर रहमान ने कहा कि ज्ञापन देना केवल औपचारिकता है। असली लड़ाई गांव-गांव जाकर किसानों और आम लोगों को उनकी समस्याओं के प्रति जागरूक करने की है। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। यदि बकाया भुगतान और चीनी मिल के संचालन की मांग पूरी नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन तेज करेगी।

बहेड़ी में डेढ़ लाख से अधिक वोटों से जीतने का किया दावा

मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक अताउर रहमान ने दावा किया कि पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वह बहेड़ी सीट से डेढ़ लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल करेंगे। विधायक ने आरोप लगाया कि किसानों के धरने में भाजपा से जुड़े कुछ लोग पहुंचे और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी का मुद्दा भी उठाया। आरोप लगाया कि नीलामी प्रक्रिया में भाजपा से जुड़े लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग किसानों के हितैषी होने का दावा करते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता व्यापारिक लाभ है। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा का पक्ष सामने नहीं आया है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा नेता और किसान रहे मौजूद

इस मौके पर नासिर रजा खां, वफाउर रहमान, डॉ. प्रमोद शर्मा, लईक चांदनी, नसीम उर रहमान, पीर मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य ब्रह्म स्वरूप सागर, कमरुद्दीन सैफी, चंद्रपाल सिंह, अनीत पाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, विजय राठी, सुखवीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, सर्व दयाल सिंह, राकेश गंगवार और राम सिंह गुर्जर समेत बड़ी संख्या में किसान और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *