google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते सपा नेता।

बरेली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को बरेली स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके संघर्षों और समाजवादी विचारधारा को याद करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव वीरपाल सिंह यादव रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव राजकुमार पाल ने किया।

वादाखिलाफी भी भ्रष्टाचार की श्रेणी में आती है : वीरपाल सिंह

वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और नौजवानों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। नेताजी कहते थे कि वादाखिलाफी भी भ्रष्टाचार की श्रेणी में आती है। जनता से किया गया वादा निभाना प्रत्येक नेता की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नेताजी हमेशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करते थे। संगठन को भी कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाया। उन्होंने युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाया और किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया। रक्षा मंत्री रहते हुए शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।

नेताजी के विचारों पर चलने का आह्वान

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक समानता और भाईचारे को मजबूत किया। विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, विजयपाल सिंह, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, राजेश अग्रवाल, अगम मौर्य और शिवचरन कश्यप ने भी नेताजी के संघर्षों को याद किया।

अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प

श्रद्धांजलि सभा में सपाइयों ने नेताजी के अधूरे सपनों को पूरा करने और समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की बात कही। इस दौरान डॉ. अनीस बेग, रविंद्र यादव, पंडित दीपक शर्मा, अशोक यादव, संजीव यादव, जितेंद्र मुंडे, राजेश मौर्य, गौरव सक्सेना, पुरुषोत्तम गंगवार, हसीब खान, हरिओम प्रजापति, अनिल पटेल, धर्मपाल लोधी, इंद्रपाल यादव, बलराम यादव, स्मिता यादव, पूनम सेन, सिमरन बरार, शालिनी सिंह, भारती चौहान, असलम खान, प्रवीण गोयल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *