बरेली। जमीन के विवाद में युवक को खेत पर घेरकर बेरहमी से पीटने और रुमाल से गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप समाजवादी पार्टी के जिला सचिव खालिद राना और उनके साथियों पर है। पीड़ित मुश्ताक अली का कहना है कि आरोपियों ने पहले धमकाया, फिर लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। सिर पर डंडा लगने और गला दबाए जाने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। नवाबगंज पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवाबगंज के ग्राम टांडा सादात निवासी मुश्ताक अली ने तहरीर में बताया कि सात अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने खेत पर गए थे। इस जमीन का इकरारनामा उन्होंने मुकेश कुमार आदि के पक्ष में कराया था। आरोप है कि इसी दौरान खालिद राना पुत्र शहनशाह बली, अशफाक पुत्र अशरफ अली और तीन-चार अज्ञात लोग वहां आ पहुंचे। सभी ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा खेत पर दिखाई दिए तो जान से मार देंगे।
विरोध पर बरसाए लात-घूंसे, सिर पर डंडे से वार
मुश्ताक का आरोप है कि गाली-गलौज और धमकी का विरोध करते ही आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों और डंडों से पिटाई की गई। इसी बीच खालिद राना ने उनके गले में पड़े रुमाल से गला कस दिया। आरोप है कि अशफाक ने सिर पर डंडे से वार किया। हमले के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
राहगीरों ने घर पहुंचाया, पीड़ित ने जताया खतरा
तहरीर के मुताबिक, वहां से गुजर रहे अरशद अली पुत्र मैसर अली, साहिद अली पुत्र मकबूल शाह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुश्ताक को उठाया और घर पहुंचाया। पीड़ित ने आरोपियों से जान-माल का खतरा जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता है।
दो नामजद, चार अज्ञात पर कार्रवाई
नवाबगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर फरीदपुर निवासी सपा जिला सचिव खालिद राना, अशफाक और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में खालिद राना से बात करनी चाहिए, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।