बरेली। ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ के बीच रेलवे ने राहत की खबर दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए कई प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाएंगे। इनमें बरेली से वाराणसी और वाराणसी से बरेली के बीच चलने वाली एक्सप्रेस भी शामिल है। अलग-अलग तारीखों में इन ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की व्यवस्था की गई है।

14235 वाराणसी जंक्शन-बरेली एक्सप्रेस में 6 सितंबर को अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इसी तरह 14236 बरेली-वाराणसी जंक्शन एक्सप्रेस में 7 सितंबर को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच चलेगा। इससे इन दोनों तारीखों में यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ मिल सकेंगी।

पद्मावत एक्सप्रेस में चार दिन अतिरिक्त कोच

14207 पद्मावत एक्सप्रेस में मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में 3 से 6 सितंबर तक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। वापसी में 14208 पद्मावत एक्सप्रेस में दिल्ली से मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन जाने वाले यात्रियों के लिए 6 से 9 सितंबर तक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा रहेगी।

अयोध्या-दिल्ली एक्सप्रेस में भी राहत

14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस में 5 से 8 सितंबर तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा। वहीं 14206 दिल्ली-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में 4 से 7 सितंबर तक अतिरिक्त स्लीपर कोच की व्यवस्था की गई है। रेलवे के इस फैसले से इन दिनों सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ मिलने की उम्मीद है।

भीड़ बढ़ने पर रेलवे ने बढ़ाई सुविधा

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ प्रबंधक महेश यादव के मुताबिक यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त कोच निर्धारित अवधि तक ही लगाए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाते समय संबंधित ट्रेन और अतिरिक्त कोच की तारीख जरूर देख लें। रेलवे ने कहा है कि अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए यह कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *