google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSखादी मेले में मुख्य अतिथि को चरखा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते पदाधिकारी।

बरेली। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित खादी एवं ग्रामोद्योग स्वावलंबन उत्सव-2026 में संगीत, संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित एक शाम आपका नाम कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान लोगों को खादी का महत्व बताते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित की गई। वहीं, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर कच्चे सूत की माला पहनाकर खादी और स्वदेशी की भावना को नमन किया गया।

गीतों और हास्य प्रस्तुतियों पर गूंजी तालियां

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरदार गुरविंदर सिंह बिल्डर, कौशिक टंडन, राजीव लोचन शर्मा और दीपांशी सक्सेना ने एक से बढ़कर एक संगीतमय, हास्य और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

खादी भारत के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की पहचान

संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने खादी के महत्व और भारतीय संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता आंदोलन की पहचान है। महात्मा गांधी ने खादी को स्वावलंबन का प्रतीक बनाया था। आज भी खादी देश की समृद्ध परंपरा और स्वदेशी भावना को आगे बढ़ा रही है।

विदेशी भगाओ, स्वदेशी अपनाओ का दिया संदेश

संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि संगीत समाज को जोड़ने के साथ आपसी प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोगों से विदेशी वस्तुओं के स्थान पर भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही विदेशी भगाओ, स्वदेशी अपनाओ का संकल्प लेने पर जोर दिया।

चरखा भेंट कर मुख्य अतिथि को किया सम्मानित

खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया और राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने मुख्य अतिथि मुकेश मेहंदीरत्ता को चरखा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर नरेंद्र पाल ने मुख्य अतिथि, कलाकारों और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य, कौशिक टंडन, सरदार गुरविंदर सिंह बिल्डर, दीपांशी शर्मा, गंगाराम पाल, देवेंद्र सिंह देयोलिया समेत खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *