google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबंदर का शव उठाता पशु प्रेमी का सहयोगी।

बरेली। बरेली में एक युवक ने एयर गन से बंदर को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया, जिसने मामले को और चौंकाने वाला बना दिया। आरोपी ने खुद फोन कर पशु प्रेमी को बंदर का शव ले जाने के लिए बुलाया। साथ ही एक वीडियो भी भेजा, जिसमें उसके हाथ में एयर गन दिखाई दे रही है। पशु प्रेमी का आरोप है कि युवक ने बंदर को मारने की बात भी कबूल की थी। अब इस मामले में बिथरी चैनपुर थाने में आरोपी दीपक के खिलाफ पशु क्रूरता समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

बंदर को मारकर खुद किया फोन, वीडियो भी भेजा

शिकायतकर्ता पशु प्रेमी धीरज पाठक के मुताबिक, 31 अक्टूबर को एक युवक ने उनके मोबाइल पर फोन किया। उसने बताया कि एक बंदर को मार दिया है और उसका शव उठाकर ले जाएं। युवक ने इसके साथ एक वीडियो भी भेजा। वीडियो में उसके हाथ में एयर गन दिखाई दे रही थी। धीरज का कहना है कि आरोपी ने बातचीत के दौरान अपनी गलती भी स्वीकार की थी। इस पूरे मामले से जुड़ा वीडियो भी उनके पास मौजूद है।

पकड़े जाने के डर से छिपाता रहा घटनास्थल

आरोप है कि बंदर को मारने के बाद युवक ने घटनास्थल की जानकारी नहीं दी। पकड़े जाने के डर से वह जगह बताने से बचता रहा। बाद में बंदर का शव शिकायतकर्ता के ऑटो चालक साथी मदन कश्यप को सौंप दिया गया। घटना किस थाना क्षेत्र की है, इसकी जानकारी नहीं मिलने पर धीरज पाठक ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद बारादरी पुलिस ने जांच कर घटनास्थल बीडीए कॉलोनी, डोहरा रोड स्थित बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में बताया।

शिकायत के बाद दीपक पर दर्ज हुई FIR

धीरज पाठक ने अपनी शिकायत में आरोपी की पहचान दीपक के रूप में बताई। उन्होंने बंदर को एयर गन से मारने के मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और बीएनएस की धारा 325 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *