बरेली। पीलीभीत बाइपास गोलीकांड का आरोपी आदित्य उपाध्याय उर्फ चुन्नू पंडित एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में उसके खिलाफ इज्जतनगर थाने में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। चुन्नू पंडित की आपत्तिजनक टिप्पणियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। शिकायत में विरोध करने वाले लोगों को जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री से लेकर राजा भैया तक पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
राजेश प्रताप ने इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि डोहरा रोड निवासी आदित्य उपाध्याय उर्फ चुन्नू पंडित आए दिन सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करता है। उसकी इन गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और तनाव बढ़ने की आशंका है।
विरोध करने वालों को दी जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब कुछ लोगों ने चुन्नू पंडित को इस तरह की टिप्पणियां करने से रोकने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। चुन्नू पंडित के खिलाफ पहले भी इस तरह के मामले दर्ज हो चुके हैं। वह बरेली के चर्चित पीलीभीत बाइपास गोलीकांड में जेल भी जा चुका है।
पुराने आपराधिक मामलों की जांच कराने की मांग
राजेश प्रताप ने पुलिस से चुन्नू पंडित के सोशल मीडिया अकाउंट और वायरल वीडियो की गहन जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उसके पुराने आपराधिक मामलों का सत्यापन कराने और संभावित विवाद को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने का आग्रह किया है।
चुन्नू पंडित ने उठाया जाति का मुद्दा, खुद को बताया पीड़ित
इधर, चुन्नू पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना पक्ष रखा है। उसने खुद को पीड़ित बताते हुए ब्राह्मण समाज का प्रदेश में कोई बड़ा नेता न होने की बात कही है। उसका कहना है कि उसने किसी नेता या उनकी मां को गाली नहीं दी है। बल्कि खुद को क्षत्रिय नेता बताने वाले कुछ लोग उसका सिर कलम करने की धमकी दे रहे हैं। उसने अपनी संपत्ति पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उसे पहले ही बर्बाद कर चुकी है।
वायरल वीडियो की जांच करेगी पुलिस
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक विकास यादव को सौंपी गई है। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।