google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyडॉ फरमान हसन खान।

बरेली। गरीबों के दर्द को समझकर उन्हें बेहतर इलाज दिलाने और आर्थिक तंगी से जूझ रहे प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाले बरेली के डॉ. फरमान हसन खान की समाजसेवा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यूनाइटेड किंगडम की संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें प्रतिष्ठित ‘सर्टिफिकेट ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ से सम्मानित किया है। इस उपलब्धि ने बरेली का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।

गरीबों के लिए बने सहारा, मुफ्त सर्जरी से हजारों को राहत

आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक डॉ. फरमान हसन खान लंबे समय से जरूरतमंदों की मदद में जुटे हैं। संस्था की ओर से जारी प्रमाणपत्र में उनके उन प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया है, जिनके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की बड़ी सर्जरी मुफ्त कराने से लेकर निशुल्क चिकित्सा शिविरों के आयोजन तक, उनके प्रयासों से हजारों लोगों को लाभ मिलने का उल्लेख किया गया है।

NEET-JEE से UPSC तक, गरीब प्रतिभाओं के सपनों को दे रहे उड़ान

डॉ. खान की समाजसेवा केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए भी वह मददगार बने हैं। NEET, JEE और UPSC जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी करने वाले जरूरतमंद युवाओं को निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी अंतरराष्ट्रीय सम्मान का प्रमुख आधार बताया गया है। उनका उद्देश्य है कि प्रतिभा के रास्ते में गरीबी दीवार न बन सके और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी अपने सपनों को साकार कर सकें।

फोर्ब्स की ’30 अंडर 30′ सूची का भी प्रमाणपत्र में जिक्र

लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से जारी प्रमाणपत्र में डॉ. फरमान हसन खान का नाम फोर्ब्स की ’30 अंडर 30′ (2026) सूची में शामिल होने का भी उल्लेख है। इसके अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी पूर्व उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया है। डॉ. खान को इससे पहले भारत गौरव रत्न सम्मान, मानद डॉक्टरेट और वर्ल्ड पीस एम्बेसडर की उपाधि मिलने का उल्लेख है। टीबी मुक्त अभियान, महिला अधिकारों और मानवाधिकारों के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों की भी सराहना की गई है।

12 नवंबर को जारी हुआ प्रमाणपत्र, दर्ज है रिकॉर्ड नंबर

संस्था की ओर से 12 नवंबर 2026 को जारी किए गए प्रमाणपत्र का नंबर LBOWRE6020217 है। प्रमाणपत्र पर संस्था के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में डॉ. खान के योगदान को सम्मान दिए जाने का आधार बताया गया है।

गरीबी के कारण न रुके किसी का इलाज, न टूटे किसी युवा का सपना’

अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने पर डॉ. फरमान हसन खान ने कहा कि उनका मकसद समाज के उन लोगों तक मदद पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण बेहतर इलाज और शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि किसी गरीब का इलाज पैसों के अभाव में न रुके और किसी प्रतिभाशाली युवा की पढ़ाई आर्थिक मजबूरी के कारण अधूरी न रह जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *