बरेली। रोजगार की तलाश में कानपुर गए बरेली के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को कानपुर के कल्याणपुर इलाके में स्थित एक बॉयज हॉस्टल के कमरे में उसका कई दिन पुराना शव मिला। कमरे से दुर्गंध आने पर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को कमरे से एक डायरी भी बरामद हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी गोपाल वर्मा का 30 वर्षीय बेटा केशव कुमार करीब एक साल से कानपुर में रहकर काम कर रहा था। उसका परिवार वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर में रहता है। पिता वहां रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद केशव रोजगार की तलाश में कानपुर गया था। वहां वह डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था।
17 अक्टूबर को लिया था हॉस्टल में कमरा
केशव ने 17 अक्टूबर को कल्याणपुर कला के पनकी रोड स्थित अवनीश यादव बॉयज हॉस्टल में दूसरी मंजिल पर कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने उसे आखिरी बार 19 नवंबर को देखा था। इसके बाद से वह दिखाई नहीं दिया। सोमवार को केशव के कमरे से तेज दुर्गंध आने पर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को अनहोनी की आशंका हुई। छात्रों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसे तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर केशव का शव मिला। शुरुआती जांच में पुलिस ने शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई है।
डायरी और मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली, जिसमें जीवन, मृत्यु और कर्मों से संबंधित बातें लिखी हुई थीं। पुलिस डायरी की लिखावट का मिलान कराने के साथ ही युवक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कल्याणपुर पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।