कमिश्नरनिरीक्षण करते कमिश्नर शंभू कुमार।

बरेलीनाथ कॉरिडोर परियोजना को तय समय में पूरा कराने के लिए नए कमिश्नर शम्भू कुमार ने शुक्रवार को निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि नवंबर तक सभी निर्माणाधीन कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर शम्भू कुमार सबसे पहले अलखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां निर्माणाधीन यात्री विश्रामगृह का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर को समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। पर्यटन अधिकारी को भी नियमित निरीक्षण करने और कार्यों की प्रगति संबंधी कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

मंदिर परिसर की सुंदरता बढ़ाने पर जोर

कमिश्नर शम्भू कुमार ने कहा कि जहां-जहां निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, वहां तत्काल साफ-सफाई कराई जाए। मंदिरों के प्रवेश द्वारों को आकर्षक स्वरूप दिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए निर्माणाधीन धर्मशालाओं का कार्य भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने मंदिर परिसर में बन रही फोकस वॉल का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

त्रिवटीनाथ मंदिर में किया जलाभिषेक

निरीक्षण के बाद कमिश्नर शम्भू कुमार त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कमिश्नर ने कहा कि नाथ कॉरिडोर के तहत होने वाले सभी निर्माण कार्य मजबूत, टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए, ताकि आने वाले वर्षों तक श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी कर समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *