समस्तीपुर। बिहार में शराबबंदी के बीच तस्करों के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। इस बार स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रही एक युवती के दो सूटकेस से करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब बरामद होने का मामला सामने आया है। आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने युवती और उसके साथ सफर कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों से जुड़े संभावित शराब तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गुप्त सूचना पर एसी फर्स्ट में पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर रेल मंडल की आरपीएफ को सूचना मिली थी कि नई दिल्ली से जयनगर जा रही ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही टीम ने एसी फर्स्ट क्लास के एच-1 कोच में तलाशी शुरू की। इस दौरान एक युवती के पास रखे दो सूटकेस की जांच की गई। सूटकेस खोलने पर उनमें बड़ी संख्या में ब्रांडेड शराब की बोतलें मिलीं। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 75 लीटर बताई गई है।
समस्तीपुर की नेहा और करनाल का ईशान गिरफ्तार
पूछताछ में युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई। उसके साथ एसी फर्स्ट में सफर कर रहे हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार को भी टीम ने हिरासत में लिया। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों नई दिल्ली से ट्रेन में सवार हुए थे। हालांकि शराब की खेप आखिर किसे और कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच अभी की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद तस्वीरें और वीडियो वायरल
कार्रवाई के बाद युवती की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। इसे लेकर तरह-तरह के दावे और टिप्पणियां भी की जा रही हैं। हालांकि जांच एजेंसियों की कार्रवाई शराब की बरामदगी और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है।
नेटवर्क में और कौन-कौन? जांच में जुटीं टीमें
दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने के बाद आरपीएफ और जीआरपी अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि शराब दिल्ली से किसके जरिए उपलब्ध कराई गई, इसकी डिलीवरी किसे होनी थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहली बार शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश की थी या इससे पहले भी इस तरह की तस्करी में उनकी भूमिका रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।