sटोल प्लाजा

बरेली। बरेली से पीलीभीत आने-जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे का चौड़ीकरण पूरा होने के बाद नवाबगंज क्षेत्र के लभेड़ा स्थित टोल प्लाजा को हटा दिया जाएगा। इसे पीलीभीत से आगे शिफ्ट किया जाएगा। एनएचएआई के प्रस्ताव को परिवहन मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद बरेली से पीलीभीत तक सफर करने वाले वाहन चालकों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

हाईवे निर्माण शुरू होते ही उठी थी टोल हटाने की मांग

बरेली के लोगों को दिल्ली, लखनऊ और नैनीताल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर शहर से करीब 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर ही टोल टैक्स देना पड़ता है। बरेली-सितारगंज हाईवे का चौड़ीकरण शुरू होने के बाद से ही लभेड़ा टोल प्लाजा को हटाने की मांग तेज हो गई थी। स्थानीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को उठाया। क्षेत्रीय मांग को देखते हुए एनएचएआई ने लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे स्थानांतरित करने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा था। अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। हालांकि टोल प्लाजा तभी शिफ्ट किया जाएगा, जब हाईवे के चौड़ीकरण का काम पूरा हो जाएगा।

निर्माण के चलते अभी आधा किया गया टोल

बरेली-सितारगंज हाईवे पर चौड़ीकरण का काम चलने के कारण कई स्थानों पर यातायात में बाधा और डायवर्जन की स्थिति है। इसी को देखते हुए लभेड़ा टोल प्लाजा पर शुल्क पहले ही करीब 50 प्रतिशत कम कर दिया गया है। कार का टोल शुल्क 70 रुपये के बजाय अब 40 रुपये लिया जा रहा है। व्यावसायिक चार पहिया वाहनों के लिए शुल्क 110 से घटाकर 65 रुपये कर दिया गया है। बसों से पहले 240 रुपये लिए जाते थे, जो अब 140 रुपये हैं। वहीं, थ्री-एक्सल वाहनों का टोल 250 रुपये से घटाकर 160 रुपये कर दिया गया है।

चौड़ीकरण पूरा होते ही पीलीभीत के आगे जाएगा टोल

एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर तकनीकी अश्वनी चौहान के मुताबिक, क्षेत्रीय लोगों की मांग पर लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे शिफ्ट करने का प्रस्ताव परिवहन मंत्रालय को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। हाईवे का चौड़ीकरण पूरा होने के बाद टोल प्लाजा शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद बरेली से पीलीभीत तक का सफर टोल मुक्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *