नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी दिन बिकवाली का दबाव देखने को मिला। सोमवार की भारी गिरावट के बाद मंगलवार को भी सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में खुले। कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनटों में सेंसेक्स 600 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 200 अंक से ज्यादा फिसलकर 22,600 के नीचे पहुंच गया। बैंकिंग, आईटी और दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया।
पांच मिनट में 600 अंक से ज्यादा टूटा सेंसेक्स
सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 72,771 अंक पर बंद हुआ था। मंगलवार को यह 72,633 अंक पर खुला। शुरुआत में गिरावट सीमित रही, लेकिन कुछ ही मिनटों में बिकवाली तेज हो गई। करीब पांच मिनट के भीतर सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूटकर 72,136 के स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी ने भी कमजोर शुरुआत की। सोमवार को 22,780 अंक पर बंद हुआ निफ्टी मंगलवार को 22,732 पर खुला। इसके बाद गिरावट बढ़ी और सूचकांक 200 अंक से अधिक टूटकर 22,580 के आसपास पहुंच गया।
सोमवार को निवेशकों के डूबे थे 8.81 लाख करोड़
एक दिन पहले सोमवार को भी शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,124 अंक टूटकर 72,771 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 260 अंक गिरकर 22,780 के स्तर पर बंद हुआ। इस गिरावट से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 8.81 लाख करोड़ रुपये घट गया था। शुक्रवार को इन कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 483.25 लाख करोड़ रुपये था, जो सोमवार को घटकर लगभग 474.44 लाख करोड़ रुपये रह गया।
विदेशी बाजारों की कमजोरी ने बढ़ाया दबाव
भारतीय बाजार पर विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का भी असर दिखाई दिया। अमेरिकी बाजार में डाउ जोंस 347 अंक और नैस्डैक 248 अंक गिरा था। एशियाई बाजारों में भी मंगलवार को दबाव रहा। जापान का निक्केई करीब 800 अंक तक नीचे कारोबार करता दिखा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग भी करीब 200 अंक फिसला। गिफ्ट निफ्टी से भी घरेलू बाजार की कमजोर शुरुआत के संकेत मिले थे।
बैंकिंग से आईटी तक बिकवाली
बाजार की गिरावट में कई दिग्गज शेयर दबाव में रहे। शुरुआती कारोबार में बजाज फाइनेंस करीब 2.10 फीसदी, एचडीएफसी बैंक 1.70 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक 1.50 फीसदी, इंफोसिस 1.40 फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 1.30 फीसदी नीचे कारोबार कर रहे थे। मिडकैप शेयरों में भी बिकवाली दिखाई दी। पॉलिसीबाजार का शेयर करीब चार फीसदी और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का शेयर दो फीसदी से ज्यादा गिर गया। वैश्विक बाजारों की कमजोरी और बड़े शेयरों में बिकवाली के कारण शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बना रहा।