बरेली। रिठौरा में कबाड़ की दुकान को निशाना बनाकर चोर तांबा, मोटर, ट्रांसफार्मर के कोर और बर्तन समेत काफी सामान पिकअप में भर ले गए। वारदात के बाद चोरी का माल ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। पिकअप से चोरी का सामान और दुकान में सेंध लगाने में इस्तेमाल कटर, संबल, छेनी और हथौड़ा बरामद हुआ है।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा कस्बे के मोहल्ला जाटवपुरा निवासी अजय सागर कबाड़ का कारोबार करते हैं। मोहनपुर के पास उनकी दुकान है। 23 सितंबर की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए। इसी रात चोरों ने दुकान पर धावा बोल दिया। सुबह चोरी का पता चला तो दुकान से तांबा, पीतल, मोटर और दूसरे कबाड़ का सामान गायब था। अजय सागर ने हाफिजगंज थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
पिकअप बनी सुराग, नाजिम तक पहुंची पुलिस
छानबीन के दौरान पुलिस को चक महमूद निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद नाजिम के बारे में जानकारी मिली। शुक्रवार को खबर मिली कि चोरी का सामान पिकअप में लादकर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने रिठौरा के भोजीपुरा तिराहे के पास घेराबंदी कर नाजिम को पकड़ लिया। उसके पास मिली पिकअप UP25JT9459 की तलाशी ली गई तो उसमें कबाड़ का ढेर मिला। दुकान मालिक से तस्दीक कराने के बाद पुलिस ने सामान कब्जे में ले लिया। पिकअप से आठ छोटे-बड़े मोटर और उनमें लगे तांबे के तार, 32 ट्रांसफार्मर कोर, तांबे की छड़, पानी गर्म करने वाली रॉड, स्टील की थाली, प्लेट, गिलास, जग, भगोने, टिफिन के कटोरे, स्टील के पाइप और दूसरे लोहे-प्लास्टिक के सामान बरामद हुए। इसके साथ ही पुलिस को कटर, लोहे का संबल, छेनी और करीब तीन किलो का हथौड़ा भी मिला। पुलिस का कहना है कि इन्हीं औजारों का इस्तेमाल चोरी के दौरान किया गया था।
साथी के साथ आया था पिकअप लेकर
पूछताछ में नाजिम ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात वह अपने एक साथी के साथ पिकअप लेकर कबाड़ की दुकान पर पहुंचा था। वहां से सामान चोरी करने के बाद पिकअप में लादकर ले गया। अब इस माल को बेचने की तैयारी थी। पुलिस उसके साथ वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने नाजिम से पिकअप के कागजात मांगे, लेकिन वह वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पिकअप को सीज कर दिया गया। चोरी के मुकदमे में बरामदगी से जुड़ी धारा बढ़ाते हुए आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आकाश कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, आकाश लोरिश और अनुज शामिल रहे।