बरेली। गांधी जयंती पर बरेली रेंज के पुलिसकर्मियों को उनकी बेहतर और लंबी सेवा का सम्मान मिला। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने रेंज कार्यालय में तैनात दरोगा अरुण कुमार शर्मा को अति उत्कृष्ट सेवा पदक और हेड कांस्टेबल परमेन्द्र सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक देकर सम्मानित किया। दोनों पदक गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से दिए गए हैं।
मेरठ निवासी अरुण कुमार शर्मा वर्ष 1990 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह डीआईजी बरेली रेंज के रीडर हैं। करीब 36 साल की पुलिस सेवा और बेहतर काम के लिए उन्हें अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिला है। गांधी जयंती पर डीआईजी अजय कुमार साहनी ने उन्हें पदक पहनाकर सम्मानित किया।
पहले भी तीन सम्मान पा चुके हैं अरुण शर्मा
अरुण शर्मा को वर्ष 2012 में सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मिला था। इसके बाद वर्ष 2019 में उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह और उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। अब अति उत्कृष्ट सेवा पदक भी उनके सेवा रिकॉर्ड में जुड़ गया है। इसी मौके पर बरेली परिक्षेत्र कार्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी परमेन्द्र सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक दिया गया। डीआईजी ने उन्हें पदक पहनाकर सम्मानित किया। दोनों पुलिसकर्मियों को पदक मिलने पर रेंज कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बधाई दी।
बरेली रेंज के चार जिलों के लिए आए 25 पदक
गृह मंत्रालय की ओर से वर्ष 2025 के लिए बरेली रेंज के चार जिलों के पुलिसकर्मियों के लिए कुल 25 अति उत्कृष्ट और उत्कृष्ट सेवा पदक भेजे गए हैं। इनमें बरेली को पांच, बदायूं को आठ, शाहजहांपुर को दो और पीलीभीत को नौ पदक मिले हैं। अरुण कुमार शर्मा का अति उत्कृष्ट सेवा पदक रेंज कार्यालय स्तर से प्रदान करने के लिए रोका गया था।
बदायूं को सबसे ज्यादा सात अति उत्कृष्ट सेवा पदक
जिलेवार देखें तो बरेली के दो पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट और तीन को उत्कृष्ट सेवा पदक मिला है। बदायूं में सात अति उत्कृष्ट और एक उत्कृष्ट सेवा पदक दिया जाना है। शाहजहांपुर के दो पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिला है। वहीं पीलीभीत में तीन अति उत्कृष्ट और छह उत्कृष्ट सेवा पदक पुलिसकर्मियों को दिए जाने हैं।