UP NEWSपुलिस गिरफ्त में आरोपी

बरेली। दिनभर मेहनत-मजदूरी कर जिंदगी की गाड़ी खींचने वाला भूरा ज्यादा कमाई के लालच में ऐसा फंसा कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शाही पुलिस ने दुनका गांव निवासी भूरा को 107 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में उसने मजदूरी करके जीवनयापन करने और लालच में आकर गलत कदम उठाने की बात कही। अब उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामला शाही थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली कि बढ़ेपुरा पुलिया के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंच गई। पुलिया के पास बरगद के पेड़ के नीचे खड़े संदिग्ध को घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 107 ग्राम चरस बरामद होने का दावा किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान भूरा (40) पुत्र निसार अहमद, निवासी दुनका के रूप में हुई।

मजदूरी करता था, लालच ने पहुंचाया हवालात

पुलिस पूछताछ में भूरा ने बताया कि वह मजदूरी करता है और उसी से अपना जीवनयापन करता है। पुलिस के मुताबिक उसने लालच में आकर चरस रखने की बात स्वीकार की और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बाद एक अहम सवाल अभी बाकी है। 107 ग्राम चरस भूरा के पास आखिर आई कहां से और इसे किस तक पहुंचाया जाना था, ऐसे में भूरा खुद चरस बेचता था या किसी बड़े सप्लायर की कड़ी था, यह साफ नहीं हो सका है।

चरस जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा

पुलिस ने चरस जब्त कर भूरा के खिलाफ शाही थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई में दरोगा आशुतोष द्विवेदी, सुरजीत सिंह, दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल माजिद खान और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *