बरेली। सऊदी अरब में ड्राइवरी की नौकरी और 1500 रियाल महीने की कमाई का सपना दिखाकर युवक और उसके परिवार से 5.05 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को सऊदी भेजने के बाद एजेंट ने उसे फार्म हाउस पर छोड़ दिया, जहां उससे करीब एक महीने तक भेड़-बकरियां चराने और साफ-सफाई का काम कराया गया। वापस लौटने के बाद जब परिवार ने रुपये मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रहपुरा चौधरी निवासी मो. अली खान के मुताबिक, उनके 24 वर्षीय बेटे सारिफ खान की करीब तीन-चार महीने पहले स्वालेनगर निवासी सादाब खान उर्फ शानू से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि सादाब ने खुद को लोगों को सऊदी अरब भेजकर नौकरी दिलाने वाला बताया। उसने सारिफ को सऊदी में ड्राइवरी की नौकरी दिलाने और हर महीने कम से कम 1500 रियाल वेतन मिलने की बात कही। कागजी कार्रवाई के नाम पर परिवार से शुरुआत में 2.21 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से लिए गए।
रियाद पहुंचते ही बदला काम, फार्म हाउस में कराया मजदूरी का काम
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने सारिफ का टिकट कराया और कुछ दस्तावेजों को रोजगार का करार व वीजा बताया। तीन अगस्त को सारिफ सऊदी के रियाद पहुंचा। आरोप है कि वहां एजेंट ने उसे किसी फार्म हाउस पर छोड़ दिया, जहां उससे भेड़-बकरियां चराने और साफ-सफाई का काम कराया जाने लगा। सारिफ ने ड्राइवरी की नौकरी के बजाय दूसरा काम कराए जाने की जानकारी एजेंट और सादाब को दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बेटे को वापस लाने के नाम पर फिर मांगे रुपये
पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटे की परेशानी बताने पर सादाब ने कहा कि कुछ और रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों से रुपये लेकर करीब 2.84 लाख रुपये और दिए। आरोप है कि इसके बाद भी सारिफ को ड्राइवरी की नौकरी नहीं मिली। करीब एक महीने तक काम कराने के बाद सारिफ किसी तरह अपना इंतजाम कर टिकट कराकर तीन-चार सितंबर को भारत लौट आया।
रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप
भारत लौटने के बाद जब सारिफ और उसके पिता ने सादाब से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि उसने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि सादाब ने उल्टा परिवार पर ही और रुपये देने का दबाव बनाया। आरोप है कि ज्यादा रुपये मांगने पर आरोपी ने अपने साथ कई लोगों के होने और जान से मारने की धमकी दी।
एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
मो. अली खान का कहना है कि उन्होंने इससे पहले 10 सितंबर को भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 24 सितंबर को उन्होंने दोबारा एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने सादाब खान उर्फ शानू और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, ठगी और धमकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और रुपये के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।