बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा की शारीरिक दक्षता दौड़ सोमवार को कई महिला अभ्यर्थियों के लिए भारी पड़ गई। दौड़ के दौरान छह महिला अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। इनमें पांच के पैरों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि एक अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फर्रुखाबाद के मऊ निवासी 28 वर्षीय अनामिका ने बताया कि उन्होंने दौड़ पूरी कर ली थी। इसके बाद अचानक चक्कर आया और उनकी हालत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
अंतिम राउंड में गिर गईं संध्या
पीलीभीत के बीसलपुर निवासी संध्या के मुताबिक वह दौड़ के अंतिम राउंड में थीं और करीब 50 मीटर की दूरी बाकी थी। इसी दौरान अचानक पैर में चोट लगी और वह ट्रैक पर गिर गईं। जांच में उनके पैर में फ्रैक्चर पाया गया। शाहजहांपुर के कलान निवासी रिंकी की भी दौड़ के दौरान हालत बिगड़ गई। पांचवें राउंड में उनकी आंखों के सामने अचानक अंधेरा छा गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें भी अस्पताल पहुंचाया गया।
छठे राउंड में काजल और नीतू घायल
लखीमपुर खीरी निवासी 28 वर्षीय काजल जायसवाल और नीतू देवी छठे राउंड के दौरान घायल हो गईं। पैर में चोट लगने के बाद दोनों ट्रैक पर गिर गईं। जांच में फ्रैक्चर की बात सामने आई। वहीं 25 वर्षीय सरिता भी दौड़ के दौरान घायल हो गईं। एक ही दिन में छह महिला अभ्यर्थियों के घायल होने के बाद सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।