बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर लहर बल्लिया गांव में रविवार रात 24 वर्षीय विवाहिता नीलम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नीलम आठ माह की गर्भवती थी और उसका एक साल का बच्चा भी है। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच घरेलू बात को लेकर विवाद और मारपीट होने की बात सामने आई है। इसके कुछ देर बाद नीलम कमरे में फंदे से लटकी मिली। पति ने नीलम के आत्महत्या करने की बात कही है।
नीलम की शादी करीब पांच वर्ष पहले हिम्मतपुर लहर बल्लिया गांव निवासी विक्की कश्यप से हुई थी। दंपती का एक साल का बच्चा है। नीलम आठ माह की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि रविवार रात किसी घरेलू बात को लेकर नीलम और विक्की के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट की भी बात सामने आई है। इसके बाद विक्की घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद वह वापस लौटा तो नीलम कमरे में फंदे से लटकी मिली। यह देखकर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। विवाहिता की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
घर में पति-पत्नी और बच्चा ही रहते थे
विक्की के पिता रामधुन, मां और भाई हिमाचल प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। इस वजह से गांव स्थित मकान में विक्की अपनी पत्नी नीलम और एक साल के बच्चे के साथ रहता था। नीलम की मौत के बाद उसके मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन भी गांव पहुंच गए।
दोनों पक्षों में हुआ समझौता
विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दोनों पक्षों के लोगों के बीच बातचीत हुई। देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद नीलम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि परिजनों की ओर से मामले में किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं कराई गई है। पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।