बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 377 ग्राम अफीम बरामद करने का दावा किया है। दोनों को भूड़ा सैदपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड से पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:22 बजे भोजीपुरा पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान भूड़ा सैदपुर अंडरपास के पास हाईवे किनारे दो संदिग्ध लोगों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 377 ग्राम अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जाहिद उर्फ अंडा निवासी ग्राम टाह, थाना नवाबगंज, हाल निवासी अंधी गौटिया भोजीपुरा और अनवार अहमद उर्फ मुन्ना निवासी वार्ड नंबर पांच, धौराटांडा के रूप में हुई है।
ट्रक चालक से अफीम खरीदने की बात कही
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने अफीम हाईवे पर एक ट्रक चालक से खरीदी थी। वे चालक का नाम और पता नहीं जानते। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे अफीम को छोटी-छोटी मात्रा में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर बेचते थे। बुधवार रात भी दोनों अफीम लेकर अपने घर जा रहे थे।
जाहिद पर पहले से छह मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, जाहिद के खिलाफ पहले से गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। अनवार के खिलाफ भी वर्ष 2019 में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। भोजीपुरा पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।