बरेली। भमोरा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6 किलो 320 ग्राम अफीम और एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस की पूछताछ में अफीम की सप्लाई झारखंड से बरेली तक होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी के साथी और अफीम की सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात भमोरा पुलिस और ANTF की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 8:33 बजे इफको फैक्ट्री के मटेरियल गेट से कुछ दूरी पर एक बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 6 किलो 320 ग्राम अफीम बरामद हुई।
बिशारतगंज क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान विशाल पुत्र राजपाल सिंह निवासी गांव सिसौना, थाना बिशारतगंज के रूप में की है। अफीम के साथ उसकी हीरो होंडा पैशन प्रो बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। आरोपी के खिलाफ भमोरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
साथी रेलवे स्टेशन से लाता था अफीम
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में विशाल ने अफीम तस्करी से जुड़ी अहम जानकारी दी है। उसने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर अफीम बेचता है। उसका साथी बरेली रेलवे स्टेशन पर झारखंड से आने वाले एक व्यक्ति से कम कीमत पर अफीम खरीदता था। इसके बाद दोनों मिलकर इसे अधिक कीमत पर बेचते और मुनाफा कमाते थे। इस जानकारी के बाद पुलिस अफीम की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है। आरोपी का साथी कौन है और झारखंड से अफीम लेकर बरेली पहुंचाने वाला व्यक्ति कौन है, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ANTF और भमोरा पुलिस ने की कार्रवाई
कार्रवाई में भमोरा थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, ANTF बरेली के उपनिरीक्षक विकास यादव और उनकी टीम के साथ कांस्टेबल चैतन्य प्रकाश शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।