शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह शारदा नहर में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया तो उसकी पहचान पुवायां के छावनी मोहल्ला निवासी पुष्पेंद्र उर्फ नीटू मिश्रा के रूप में हुई। वह तीन दिन पहले पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकला था और तभी से लापता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
राहगीरों ने नहर में देखा शव
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों की नजर शारदा नहर में उतराते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही सिंधौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पानी में पड़े रहने के कारण शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान 40 वर्षीय पुष्पेंद्र उर्फ नीटू मिश्रा के रूप में की। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकला था
परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले पुष्पेंद्र का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह स्कूटी लेकर घर से निकल गया। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुवायां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पुलिया पर लावारिस मिली थी स्कूटी
पुलिस को गुरुवार को कोरो कुइयां पुलिया पर बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस उसे चौकी ले गई थी। बाद में परिजनों ने पुष्टि की कि पुष्पेंद्र घर से इसी स्कूटी को लेकर निकला था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश तेज कर दी थी।
पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस को परिस्थितियों के आधार पर आशंका है कि पुष्पेंद्र पुलिया पर स्कूटी खड़ी करने के बाद नहर में गिरा या कूदा हो सकता है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सिंधौली थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के मुताबिक, परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।