नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों की कमजोरी, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की चिंता के बीच मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स खुलते ही 650 अंक से अधिक उछल गया, जबकि निफ्टी भी 23,500 के पार पहुंच गया। हालांकि, शुरुआती करीब आधे घंटे बाद बाजार की तेजी टिक नहीं सकी और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में फिसल गए। इस उतार-चढ़ाव के बीच आईटी शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। HCL Tech, Tech Mahindra, TCS और Infosys के शेयरों ने बाजार का ध्यान खींचा। HDFC Bank के शेयर में भी करीब ढाई फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
655 अंक तक उछला सेंसेक्स
एक दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को बाजार खुला तो निवेशकों की खरीदारी से सेंसेक्स ने तेजी पकड़ ली। पिछले बंद स्तर 74,781 के मुकाबले सेंसेक्स 75,369 पर खुला और कुछ ही देर में करीब 655 अंक चढ़कर 75,436 के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली बढ़ने से इसकी तेजी कमजोर पड़ गई और बाद में सूचकांक लाल निशान में पहुंच गया।
निफ्टी ने भी लगाई छलांग
सेंसेक्स की तरह निफ्टी में भी कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। पिछले बंद स्तर 23,398 के मुकाबले बढ़त के साथ खुले निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में 23,592 का स्तर छुआ। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ा और निफ्टी की शुरुआती बढ़त भी खत्म हो गई। इससे पहले बीते सप्ताह सेंसेक्स और निफ्टी में दो फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई थी।
IT शेयरों में जबरदस्त खरीदारी
कमजोर होते बाजार के बीच आईटी सेक्टर ने निवेशकों को राहत दी। HCL Tech का शेयर करीब सात फीसदी तक उछला, जबकि Tech Mahindra में लगभग पांच फीसदी की तेजी रही। TCS करीब 4.96 फीसदी और Infosys लगभग 4.60 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। आईटी सेक्टर के दूसरे शेयरों में भी खरीदारी रही। MPhasis में करीब 4.56 फीसदी और Persistent Systems में लगभग 2.50 फीसदी की तेजी देखने को मिली।
HDFC Bank में ढाई फीसदी की तेजी
आईटी कंपनियों के अलावा HDFC Bank के शेयर ने भी मजबूती दिखाई। शुरुआती कारोबार में बैंक का शेयर करीब 2.50 फीसदी चढ़कर 725 रुपये के आसपास पहुंच गया। HUL, ITC और Tata Steel समेत कुछ अन्य दिग्गज शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली।
ग्लोबल दबाव के बावजूद तेजी से खुला बाजार
भारतीय बाजार की मजबूत शुरुआत ऐसे समय हुई, जब वैश्विक स्तर पर कई नकारात्मक संकेत बने हुए हैं। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए थे। घरेलू स्तर पर खुदरा और थोक महंगाई बढ़ने की चिंता भी बाजार पर दबाव बना रही है। इन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय बाजार में मंगलवार की शुरुआत तेज रही। हालांकि, ऊपरी स्तर पर बिकवाली आने से शुरुआती बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी। बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच आईटी और चुनिंदा बैंकिंग शेयर निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे।